हरिद्वार के बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसे में बाइक सवार महिला की मौत के मामले में पुलिस ने उत्तर प्रदेश रोडवेज बस के चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसा 21 अक्तूबर को पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति के सामने हुआ था। दुर्घटना में महिला के पति भी गंभीर रूप से घायल हो गए थे, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के हल्लूमाजरा गांव निवासी तेल्लूराम ने बताया कि उनके छोटे भाई लक्ष्मीचंद 21 अक्तूबर को अपनी पत्नी रीता के साथ बाइक से हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 10:40 बजे जब वे बहादराबाद में पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज के छुटमलपुर डिपो की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।

हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगने से बाइक सवार लक्ष्मीचंद और उनकी पत्नी रीता गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को उपचार के लिए भूमानंद अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद रीता की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), ऋषिकेश रेफर किया गया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, लक्ष्मीचंद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया गया।
बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
घटना के संबंध में शिकायत मिलने के बाद बहादराबाद पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस की जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

