DSAT Scholarship Ad

पंजाब के लुधियाना में घरेलू हिंसा का एक मामला सामने आया है। हैबोवाल क्षेत्र के जस्सियां ग्रीन एनक्लेव में एक युवक पर अपनी पत्नी के साथ सरेआम मारपीट करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि पत्नी की अच्छी कमाई के बावजूद उसे थार गाड़ी और बाइक न दिलाने को लेकर पति नाराज था। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामला सुर्खियों में है।

जानकारी के अनुसार, पीड़िता ट्विंकल समराला चौक पर ब्यूटी सैलून चलाती हैं। वह आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर हैं और उनका सात साल का बेटा भी है। आरोपी रितीश शर्मा मेडिकल क्षेत्र से जुड़ा हुआ है। दोनों की मुलाकात उस समय हुई थी, जब ट्विंकल अपने पहले पति से तलाक की कानूनी प्रक्रिया से गुजर रही थीं। इसके बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और नवंबर 2025 में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद दोनों जस्सियां ग्रीन एनक्लेव में रहने लगे।

थार गाड़ी की मांग से शुरू हुआ विवाद

बताया जा रहा है कि शादी के कुछ महीनों बाद पति-पत्नी के बीच वाहन खरीदने को लेकर विवाद बढ़ने लगा। आरोप है कि रितीश पत्नी की कमाई को लेकर ताने देता था और उससे थार गाड़ी खरीदकर देने की मांग करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी।

मामला बढ़ने पर एक बिचौलिए के माध्यम से समझौता कराने की कोशिश भी की गई। कुछ समय तक स्थिति शांत रही, लेकिन बाद में आरोप है कि पति ने थार की जगह बाइक दिलाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। इसके बाद दोनों के बीच तनाव फिर बढ़ गया।

पड़ोसी के घर पहुंचने पर भी नहीं रुकी मारपीट

घटना वाले दिन दोपहिया वाहन की मांग को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। आरोप है कि खुद को बचाने के लिए ट्विंकल पड़ोसी के घर की ओर भागीं, लेकिन पति ने वहां भी उनका पीछा किया।

वायरल सीसीटीवी फुटेज में युवक महिला को थप्पड़ मारते, बाल पकड़कर सड़क पर गिराते और लातों से हमला करते हुए दिखाई देता है। महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर स्थिति को संभाला।

पुलिस चौकी पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत

घटना के बाद ट्विंकल ने जगतपुरी पुलिस चौकी पहुंचकर लिखित शिकायत दी। उन्होंने पुलिस को घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है। मामले की जांच कर रहे एएसआई सुखजिंदर सिंह के मुताबिक, पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल, मामले में पुलिस जांच जारी है।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *