पंतनगर/किच्छा। ऊधम सिंह नगर जिले में आनंदपुर मोड़ के पास लालकुआं-बरेली रेलवे ट्रैक पर ट्रेन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा शनिवार सुबह करीब आठ बजे हुआ। घटना की सूचना मिलने पर किच्छा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

रेलवे ट्रैक के पास हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक, शनिवार सुबह एक युवक आनंदपुर मोड़ के पास रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं से बरेली की ओर जा रही यात्री ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
मृतक की पहचान गड़रियाबाग निवासी अमित कुमार (18), पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई।
जेसीबी ऑपरेटर के तौर पर करता था काम
गड़रियाबाग के पूर्व प्रधान रूप सिंह ने बताया कि अमित जेसीबी मशीन पर ऑपरेटर के रूप में काम करता था। वह रोज सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे शांतिपुरी की ओर अपनी ड्यूटी पर जाता था। शनिवार को भी वह काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
पहले ही माता-पिता को खो चुका था अमित
अमित की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, अमित के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी दो बहनें हैं, जिनका विवाह हो चुका है, और एक भाई भी है।

