DSAT Scholarship Ad

उत्तरकाशी: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को उत्तरकाशी दौरे पर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने सबसे पहले काशी विश्वनाथ मंदिर और मां शक्ति मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद वह रामलीला मैदान में आयोजित ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ में शामिल हुए और ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का शुभारंभ किया।

CM Dhami announces vishwanath shakti temple corridor central school proposal for bhatwari Uttarkashi

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने उत्तरकाशी में विश्वनाथ-शक्ति मंदिर कॉरिडोर बनाए जाने की घोषणा की। इसके साथ ही उन्होंने भटवाड़ी में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना के लिए प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की बात कही।

‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ का किया शुभारंभ

जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ शुरू की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ देश की सेवा कर रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए अब व्यवस्था को लोगों के घर तक ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने ‘नर सेवा, नारायण सेवा’ की भावना के साथ अंतिम व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने की बात कही।

पीएम मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव: धामी

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उन्होंने केदारनाथ धाम की धरती से प्रधानमंत्री द्वारा कही गई ‘21वीं सदी उत्तराखंड की होगी’ वाली बात का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने प्रदेश में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए लखपति दीदी योजना समेत सरकार की विभिन्न पहलों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि सरकार मातृशक्ति को आर्थिक रूप से मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है।

सीएम ने रिवर्स पलायन को लेकर किया दावा

मुख्यमंत्री धामी ने उत्तराखंड में रिवर्स पलायन को लेकर भी दावा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 44 प्रतिशत रिवर्स पलायन हुआ है। मुख्यमंत्री ने इसे राज्य में रोजगार और विकास की बढ़ती संभावनाओं से जोड़ते हुए सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया।

कांग्रेस के विरोध की चेतावनी के बीच सुरक्षा के कड़े इंतजाम

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल और आसपास पुलिस-प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

वहीं, कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के दौरान विरोध प्रदर्शन की चेतावनी दी थी। विरोध की आशंका को देखते हुए पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव मनीष राणा को हिरासत में लिया। इसके अलावा कांग्रेस के अन्य पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी पुलिस ने उनके घरों से हिरासत में लिया।

मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कार्यक्रम स्थल पर यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए भी इंतजाम किए गए।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *