देहरादून। हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद हुए कथित शुद्धिकरण विवाद ने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। मामले को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सोमवार को मुख्यमंत्री आवास कूच का ऐलान किया है। पार्टी का दावा है कि प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता देहरादून पहुंचकर विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगे।

प्रदेश कांग्रेस चुनाव संचालन समिति के अध्यक्ष एवं चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री आवास कूच की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रविवार को अपने आवास पर आयोजित बैठक में उन्होंने कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने की अपील की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस मामले को केवल एक राजनीतिक मुद्दा नहीं, बल्कि सामाजिक सम्मान और संवैधानिक मूल्यों से जुड़ा विषय मानती है।
प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष की सभा के बाद हुई घटना समाज में विभाजनकारी सोच को बढ़ावा देने वाली है। उन्होंने सरकार से मांग की कि मामले में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की जाए। साथ ही कहा कि कांग्रेस जनहित, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी।
बैठक में मौजूद पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि खरगे की सभा स्थल के शुद्धिकरण मामले में अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है, जबकि अन्य मामलों में सरकार और प्रशासन त्वरित कदम उठाते रहे हैं। उन्होंने इसे दोहरे मापदंड का उदाहरण बताते हुए सरकार की आलोचना की।
प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सड़क से लेकर सदन तक इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगी। पार्टी नेताओं का दावा है कि मुख्यमंत्री आवास कूच में प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों कार्यकर्ता शामिल होंगे।
बैठक में प्रदेश महामंत्री वीरेंद्र पोखरियाल, राजीव पुंज, रमेश कुमार मंगू, देवेंद्र पाल सिंह, सुधीर सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
