उत्तरकाशी: गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगढ़ के पास सुबह एक टेंपो ट्रैवलर हादसे का शिकार हो गया। बताया जा रहा है कि ब्रेक फेल होने के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गया। हादसे के समय टेंपो ट्रैवलर में राजस्थान के 17 यात्री सवार थे। दुर्घटना में कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

ब्रेक फेल होने से अनियंत्रित हुआ वाहन
जानकारी के अनुसार, टेंपो ट्रैवलर संख्या UK-14 PA 5006 गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोनगढ़ के पास पहुंचा था। इसी दौरान अचानक वाहन के ब्रेक फेल हो गए और चालक नियंत्रण खो बैठा। इसके बाद टेंपो ट्रैवलर सड़क से नीचे जाकर पलट गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और राहत-बचाव टीमों की मदद से यात्रियों को वाहन से बाहर निकाला गया।
108 एंबुलेंस से स्वास्थ्य केंद्र भेजे गए घायल
दुर्घटना में कुछ यात्रियों को चोटें आई हैं। घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से उपचार के लिए गंगनानी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, किसी यात्री के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
राहत-बचाव टीमों ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही संबंधित राहत एवं बचाव टीमें मौके पर पहुंचीं और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है।
