रुड़की: हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां छीन लीं। कांवड़ पटरी मार्ग पर चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। घायलों में एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

चार बाइकों की टक्कर से मचा हड़कंप
जानकारी के अनुसार, हादसा 21 अगस्त की देर रात पिरान कलियर के कांवड़ पटरी मार्ग पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चार मोटरसाइकिलें मार्ग से गुजर रही थीं, तभी अचानक उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि सभी बाइकें बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर दौड़ पड़े।
पुलिस और एंबुलेंस ने संभाला मोर्चा
घटना की सूचना मिलते ही पिरान कलियर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी और रुड़की सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि छह घायलों का उपचार शुरू किया गया।
मृतकों की हुई पहचान
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वाले युवकों की पहचान अयान (18) पुत्र शहजाद निवासी बिझोली, कोतवाली मंगलौर, राजू (24) पुत्र कदम सिंह तथा राजीव (18) पुत्र मोल्हड़ सिंह निवासी रहमतपुर, कोतवाली पिरान कलियर के रूप में हुई है।
वहीं घायल आदित्य चंद्रा (25) पुत्र सुरेंद्र निवासी खंजरपुर की हालत गंभीर बताई जा रही है। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। अन्य घायलों का उपचार अस्पताल में जारी है।
हादसे की वजह तलाश रही पुलिस
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दुर्घटना चार मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर के कारण हुई। हालांकि हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद दुर्घटना के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
मातम में बदला उत्सव का माहौल
हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है।
