हल्द्वानी। दो नहरिया रोड पर सड़क के बीच हुड़दंग और राहगीरों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद नैनीताल पुलिस ने सख्त कार्रवाई की है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है। वहीं, दो नाबालिगों को संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

घटना का वीडियो 14 अगस्त की शाम का बताया जा रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर सड़क पर हुड़दंग करते और हाथों में बेल्ट लहराकर राहगीरों को डराते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तत्काल मामले की जांच शुरू कर दी।
CCTV से हुई आरोपियों की पहचान
वीडियो का संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम ने आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली और अन्य माध्यमों से युवकों की पहचान की।
जांच के बाद चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस जांच में दो नाबालिगों की भी संलिप्तता सामने आई। दोनों को पुलिस ने संरक्षण में लेकर काउंसलिंग की और बाद में उनके परिजनों को सौंप दिया।
एक युवक शराब के नशे में मिला
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोनों मोटरसाइकिलें सीज
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लेटिना बाइक थी, जिसके वैध दस्तावेज भी पुलिस के सामने प्रस्तुत नहीं किए गए।
दूसरी बाइक रॉयल एनफील्ड बताई गई है, जिसका पंजीकरण नंबर UK04AS-4102 है।
वायरल वीडियो पर पुलिस की नजर
नैनीताल पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, राहगीरों को डराने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर सामने आने वाले ऐसे वीडियो, जिनमें सार्वजनिक शांति भंग करने या कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधियां दिखाई देती हैं, उनका तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद सड़क पर दबंगई दिखाने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया है कि ऐसी हरकतों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी।
