देहरादून। उत्तराखंड एसटीएफ ने एक अहम कार्रवाई में राजस्थान में वांछित 20 हजार रुपये के इनामी अपराधी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पिछले करीब 12 वर्षों से फरार चल रहा था और देहरादून में अपनी पहचान छिपाकर सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहा था।

एसटीएफ के एसएसपी अजय सिंह ने बताया कि फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान सूचना मिली कि राजस्थान के बांसवाड़ा जिले में दर्ज लूट और अपहरण के मामले में वांछित आरोपी देहरादून में रह रहा है।
सूचना के आधार पर एसटीएफ टीम ने कैंट थाना क्षेत्र में छापेमारी कर आरोपी देवेश मोर्या को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी पर राजस्थान पुलिस द्वारा 20 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
जांच में सामने आया कि वर्ष 2014 में आरोपी ने अपने एक साथी के साथ एलआईसी एजेंट बनकर एक व्यक्ति को झांसे में लिया और मिलने के बहाने बुलाकर रिवॉल्वर के दम पर उसका अपहरण कर लिया। इसके बाद उसकी कार और नकदी लूटकर फरार हो गया था।
गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपी को राजस्थान पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसटीएफ की इस कार्रवाई को अपराधियों के खिलाफ बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है।
