देहरादून: दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में 12 वर्षीय गुलशन पिछले दो महीनों से अकेले भर्ती है। जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार से इलाज के लिए साथ आए उसके बड़े भाई ने ऑपरेशन के दो दिन बाद उसे अस्पताल में छोड़ दिया और फिर वापस नहीं लौटा।

अस्पताल सूत्रों के अनुसार, गुलशन 3 दिसंबर को जांघ की हड्डी की सर्जरी के लिए दून अस्पताल लाया गया था। डॉक्टरों ने सफल ऑपरेशन के बाद उसे ऑर्थोपेडिक वार्ड में भर्ती कर लिया। इलाज सामान्य रूप से चल रहा था, लेकिन इसी दौरान उसका भाई अचानक संपर्क से बाहर हो गया।

नर्सिंग स्टाफ ने दिए गए मोबाइल नंबर पर कई बार कॉल की, पर कोई जवाब नहीं मिला। कई दिन बीतने के बाद मामला गंभीर मानते हुए अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस अब परिजनों की तलाश में जुटी है और पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

इस बीच, अस्पताल का नर्सिंग स्टाफ ही बच्चे की देखभाल कर रहा है। उसे समय पर भोजन, दवा और जरूरी चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। स्टाफ का कहना है कि वे बच्चे को किसी भी तरह की असुरक्षा या अकेलेपन का एहसास नहीं होने देंगे।
