देहरादून: शेयर बाजार में तगड़े मुनाफे का सपना दिखाकर साइबर ठगों ने राजधानी में एक रिटायर्ड कर्नल को 11 लाख 20 हजार रुपये का चूना लगा दिया। पीड़ित की शिकायत पर साइबर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।

शिमला बाईपास रोड स्थित पंकज विहार निवासी सुरेंद्र कुमार सिंह ने पुलिस को बताया कि उन्हें वर्तिका आनंद नाम की महिला का कॉल आया। उसने खुद को वेंचुरा सिक्योरिटीज लिमिटेड के सीईओ हेमंत की असिस्टेंट बताते हुए शेयर बाजार में सुरक्षित और अधिक रिटर्न का भरोसा दिलाया।

इसके बाद उन्हें एक व्हाट्सएप लिंक भेजकर “नेक्स्टजैन कैपिटल नेटवर्क” नाम के ग्रुप में जोड़ा गया। ग्रुप में कई सदस्य और एडमिन सक्रिय थे। रोजाना निवेश से जुड़े सुझाव दिए जाते थे और ‘हेमंत’ नामक व्यक्ति खुद को कंपनी का सीईओ बताकर विश्वास कायम करता रहा।

कुछ समय बाद पीड़ित को एक विशेष ‘वीआईपी ग्रुप’ में शामिल किया गया, जहां व्यक्तिगत निवेश सलाह देने का दावा किया गया। अन्य सदस्यों के खातों में दिखाए जा रहे कथित मुनाफे से प्रभावित होकर उन्होंने निवेश शुरू किया। ठगों ने उन्हें “वेंटसेक प्रो” नाम का एक मोबाइल एप डाउनलोड कराया, जिसमें रकम और लाभ बढ़ता हुआ नजर आता था।

विश्वास में आकर रिटायर्ड कर्नल ने अलग-अलग किस्तों में कुल 11.20 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। जब उन्होंने पैसे निकालने की कोशिश की, तो संपर्क टूट गया और उन्हें ग्रुप से बाहर कर दिया गया।

एएसपी कुश मिश्रा के मुताबिक, मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जिन बैंक खातों में रकम भेजी गई, उनकी जांच और डिजिटल ट्रैकिंग की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान निवेश ऑफर या ऑनलाइन लिंक पर भरोसा करने से पहले उसकी जांच जरूर करें और ठगी होने पर तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क करें।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *