रुद्रपुर में शुक्रवार को उस समय तनावपूर्ण स्थिति बन गई, जब संपत्ति विवाद से परेशान एक महिला पेट्रोल की बोतल हाथ में लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। महिला को इस अवस्था में देखकर पुलिस महकमे में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि, मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से किसी भी अप्रिय घटना को होने से पहले ही रोक लिया गया।

आवास विकास क्षेत्र की रहने वाली महिला का अपने देवर के साथ लंबे समय से संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा है, जो फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। महिला का आरोप है कि उसका देवर करीब 28 वर्षों तक उसके घर में रहा। इसके बाद उसने दिनेशपुर और ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में अपने मकान बना लिए। करीब तीन वर्ष पूर्व वह अपने परिवार के साथ ट्रांजिट कैंप स्थित मकान में रहने लगा, लेकिन अब वह आवास विकास स्थित मकान पर जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहा है।
पीड़िता के अनुसार, शुक्रवार को उसे आवास विकास चौकी बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के दौरान उसके देवर ने स्थानीय पार्षद और पुलिस की मौजूदगी में विवादित मकान का ताला तोड़कर कब्जा कर लिया। इससे आहत महिला ने पुलिस प्रशासन से न्याय और मकान पर कब्जा वापस दिलाने की मांग की। समाधान न मिलने पर महिला ने आत्महत्या की धमकी दे दी।
इसी आक्रोश में महिला पेट्रोल की बोतल लेकर सीधे एसएसपी कार्यालय पहुंच गई। कार्यालय में मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत स्थिति को संभालते हुए महिला के हाथ से पेट्रोल की बोतल सुरक्षित रूप से अपने कब्जे में ली और उसे एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के समक्ष पेश किया। अधिकारियों द्वारा निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाए जाने के बाद महिला शांत हुई और अपने घर लौट गई।
मामले को लेकर एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि संपत्ति विवाद से जुड़ी शिकायत पर संज्ञान लिया गया है। मामला न्यायालय में लंबित है। ट्रांजिट कैंप थाना प्रभारी और आवास विकास चौकी प्रभारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
