DSAT Scholarship Ad

एफएनएन, हाथरस: यूपी के हाथरस जिले के सेठ फूलचंद बागला डिग्री कॉलेज के भूगोल के प्रोफेसर और चीफ प्रॉक्टर डॉ. रजनीश की घिनौनी करतूत का खुलासा हुआ है। आरोप है कि वह अच्छे नंबर और सरकारी नौकरी का लालच देकर पिछले 20 सालों से कॉलेज में पढ़ने वाली छात्राओं का यौन शोषण कर रहा था।

इतना ही नहीं वह छात्राओं से अश्लील हरकतें करने साथ उनका वीडियो भी बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करता, इसके बाद वह बार-बार ये हरकते करता रहा। इसका खुलासा तब हुआ, जब प्रोफेसर के एक के बाद कई वीडियो वायरल हो गए। अभी तक की जांच में पता चला है कि वह करीब 55 छात्राओं संग ऐसी हरकत की है। वहीं लगभग 65 वीडियो और कई फोटो सोशल मीडिया में वायरल हुए हैं।

सोशल मीडिया पर कुछ अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद यह मामला सामने आया। इन वीडियो में आरोपी प्रोफेसर को छात्राओं के साथ अनुचित हरकतें करते देखा गया। जैसे ही यह वीडियो सामने आए, पुलिस हरकत में आ गई और आरोपी के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर लिया। वहीं महाविद्यालय प्रशासन ने प्रोफेसर को निलंबित कर दिया है। फिलहाल आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश कर रही है।

पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) योगेंद्र कृष्ण नारायण ने बताया कि ‘सेठ फूलचंद्र बागला डिग्री कॉलेज’ में भूगोल विभाग के प्रमुख प्रोफेसर रजनीश के खिलाफ 13 मार्च को पुलिस ने एक अज्ञात शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की। उन्होंने बताया कि प्राथमिकी में आरोप लगाया गया कि प्रोफेसर लड़कियों के यौन शोषण में शामिल था। अधिकारी ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

वहीं कालेज के सचिव प्रदीप कुमार बागला ने आरोपी शिक्षक के निलंबन आदेश में कहा, “प्राचार्य द्वारा मुझे सूचित किया गया कि हाथरस गेट थाना में आपके (प्रोफेसर) खिलाफ 13 मार्च को भारतीय न्याय संहिता की धारा 64(2) (दुष्कर्म), 68 (अधिकार का दुरुपयोग कर गैर सहमति से यौन संबंध), 75 (यौन उत्पीड़न) के तहत एक प्राथमिकी दर्ज हुई है।”

उन्होंने आदेश में कहा, “प्राथमिकी के आधार पर प्रथम दृष्टया यह मामला अति गंभीर दिखाई देता है इसलिए आपको महाविद्यालय की सेवाओं से निलम्बित किया जाना अति आवश्यक है। इस प्रकरण के कारण महाविद्यालय की छवि धूमिल और कलंकित हो रही है तथा शहर में भी इस सम्बन्ध में विभिन्न प्रकार की व्यापक चर्चाएं हो रही है।” प्रोफेसर के खिलाफ यौन शोषण के आरोपों की शिकायत महिला आयोग सहित अन्य एजेंसियों से भी की गयी है। वहीं आरोपी शिक्षक ने बताया कि वह इस तरह की शिकायत पिछले 18 महीने से झेल रहे हैं और कई बार जांच भी हो चुकी है।

डीएम ने बनाई जांच टीम

हाथरस के जिलाधिकारी राहुल पांडेय ने भी इस प्रकरण में जांच के लिए एसडीएम सदर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय टीम का गठन किया है। इसमें सीओ सिटी, तहसीलदार सादाबाद और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को भी शामिल किया गया है। जिलाधिकारी ने इस प्रकरण की गहनता से जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए हैं।

आरोप है कि सोशल मीडिया पर करीब 65 अश्लील वीडियो वायरल हुए हैं। आरोप है कि वह खुद ही छात्राओं के अश्लील वीडियो बनाते थे और कुछ वीडियो वेबसाइट पर अपलोड भी किए हैं। कॉलेज प्रबंध समिति के सचिव ने उन्हें निलंबित किया है। सचिव ने अपने आदेश में कहा है कि इससे महाविद्यालय की छवि धूमिल हो रही है। डॉ. रजनीश को निलंबन अवधि में सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक महाविद्यालय में प्राचार्य द्वारा निर्धारित स्थान पर उपस्थित होना होगा।

सचिव ने निर्देश दिए हैं कि डॉ. रजनीश निलंबन अवधि में शहर से बाहर नहीं जा सकेंगे। प्राचार्य की अनुमति पर ही वह शहर से बाहर जा सकते हैं। पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा ने कहा है कि प्रोफेसर की गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

20 साल से चल रहा था गंदा खेल, अब हुआ पर्दाफाश

यह मामला हाथरस के सेठ फूलचंद बागला डिग्री कॉलेज से जुड़ा है। यहां के चीफ प्रॉक्टर रजनीश पर आरोप है कि वह दो दशकों से छात्राओं को फंसाकर उनका शोषण कर रहा था। पहले छात्राओं को अच्छे नंबर और सरकारी नौकरी का झांसा देता। फिर उनसे अश्लील हरकतें कर वीडियो बनाता। बाद में उन्हीं वीडियो से ब्लैकमेल कर शारीरिक संबंध बनाने को मजबूर करता। कई छात्राएं डर के कारण चुप रहीं, लेकिन कुछ ने हिम्मत दिखाई और मामला उजागर हो गया।

By

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *