देहरादून। टिहरी जिले के एक व्यक्ति को ढाई करोड़ रुपये की फर्जी लॉटरी का लालच देकर 24 लाख रुपये की ठगी करने वाले साइबर अपराधी को सीबीसीआईडी ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

जानकारी के मुताबिक, थाना हिंडोलाखाल निवासी सोहनलाल रतूड़ी ने 7 जुलाई 2021 को शिकायत दर्ज कराई थी। ठगों ने खुद को आरबीआई और आयकर विभाग का अधिकारी बताते हुए उन्हें भारी भरकम लॉटरी लगने का झांसा दिया। इसके बाद विभिन्न टैक्स और शुल्क के नाम पर उनसे 24 लाख रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए गए।
मामला थाना हिंडोलाखाल, जिला टिहरी गढ़वाल में दर्ज कर जांच सीबीसीआईडी को सौंपी गई। विवेचक भारत सिंह ने मामले में प्रयुक्त मोबाइल नंबरों और बैंक खातों की गहन पड़ताल की। 11 फरवरी 2026 को टीम को बिहार और पश्चिम बंगाल में छापेमारी के लिए रवाना किया गया।
13 फरवरी को मुख्य आरोपी अभय कुमार सिंह को पश्चिमी चंपारण से गिरफ्तार किया गया। बैंक खातों की जांच में 4 लाख 10 हजार रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ। 16 फरवरी को आरोपी को टिहरी न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेजने के आदेश दिए गए।
इस मामले में आरोपी के तीन अन्य साथी—गुंजन कुमार, नितेश कुमार झा और धनंजय यादव—को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
सीबीसीआईडी के आईजी अरुण मोहन जोशी ने बताया कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी की गई है और मामले में आगे की जांच जारी है।
